home page

'एक पौधा पुरानी पेंशन बहाली के नाम' कर्मचारियों ने किया पौधरोपण

 | 
'एक पौधा पुरानी पेंशन बहाली के नाम' कर्मचारियों ने किया पौधरोपण


पौड़ी गढ़वाल, 12 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा उत्तराखंड के आह्वान पर रविवार को जनपद पौड़ी में एक पौधा पुरानी पेंशन बहाली के नाम अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पुरानी पेंशन बहाली तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

प्रदेश मुख्य संयोजक जयदीप रावत ने कहा कि जिस प्रकार एक पौधा भविष्य की पीढ़ियों को जीवन देता है, उसी प्रकार पुरानी पेंशन कर्मचारियों और उनके परिवारों के सुरक्षित भविष्य की गारंटी है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग उठा रहे हैं, लेकिन सरकार अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं ले सकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पुरानी पेंशन बहाल नहीं की गई तो कर्मचारी और उनके परिवार लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देंगे।

प्रदेश महासचिव सीताराम पोखरियाल ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों का वैधानिक और नैतिक अधिकार है। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। साथ ही कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर संगठन चरणबद्ध आंदोलन को और व्यापक करेगा तथा प्रदेशभर में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।

कार्यक्रम में मनोज काला, जसपाल रावत, प्रेमचंद ध्यानी, रेवती डंगवाल, संजय नेगी, रनीता प्रसाद, मंजू नेगी, प्रभा खर्कवाल, कमलेश नेगी, रुचि नेगी, सरिता मेहर, शोभा वासवाल, मंजू रिंकी, हेमंती, अंजना बिष्ट, अनीता रावत, निर्मला राणा, मधु रावत, रितु नौटियाल, हेमा जोशी, किरण वर्मा, सावित्री रमोला, पूनम नेगी, ममता सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह