home page

एलआईयू कार्यालय की छत टूटी, बाल-बाल बचा कर्मी

 | 
एलआईयू कार्यालय की छत टूटी, बाल-बाल बचा कर्मी


हरिद्वार, 13 अक्टूबर (हि.स.)। पिरान कलियर दरगाह के आवासीय भवन में संचालित एलआईयू कार्यालय की छत का एक हिस्सा मंगलवार को अचानक टूटकर गिर गया। हादसे के दौरान कार्यालय में मौजूद एलआईयू कर्मी बाल-बाल बच गया। गनीमत रही कि उस समय कार्यालय में कोई फरियादी मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

धनौरी स्थित अमृत लॉ कॉलेज की इमारत का हिस्सा गिरने से पीएसी जवान की मौत की घटना के बाद इस हादसे ने एक बार फिर जर्जर भवनों की सुरक्षा और मरम्मत व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली पिरान कलियर के बराबर में दरगाह के आवासीय भवन बने हुए हैं। इन भवनों के कुछ कमरों का इस्तेमाल पुलिसकर्मियों के रहने, डाकघर और अन्य कार्यों के लिए किया जा रहा है। इन्हीं कमरों में एक एलआईयू कार्यालय भी संचालित है। मंगलवार को अचानक कार्यालय की छत का कुछ हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। उस समय कार्यालय में एक एलआईयू कर्मी मौजूद था, जो हादसे में बाल-बाल बच गया।

कार्यालय में कर्मचारियों के साथ फरियादियों का भी नियमित रूप से आना-जाना रहता है। ऐसे में छत का हिस्सा गिरने की घटना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। हाल ही में धनौरी स्थित अमृत लॉ कॉलेज की इमारत का हिस्सा गिरने से एक पीएसी जवान की मौत हो गई थी। इसके बावजूद सार्वजनिक कार्यों में इस्तेमाल हो रहे पुराने और जर्जर भवनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

अब सवाल यह है कि संबंधित विभाग भवन की स्थिति की जांच कराकर उसकी मरम्मत के लिए कब कदम उठाएगा। समय रहते सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में ऐसी घटनाएं गंभीर हादसे का रूप ले सकती हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला