तपोवन-विष्णुगाड परियोजना की सुरंग में फंसे 22 श्रमिकों का मॉक ड्रिल में किया गया रेस्क्यू
-फ्लैश फ्लड और सुरंग में जलभराव की स्थिति से निपटने का किया अभ्यास
ज्योतिर्मठ, 28 नवंबर (हि.स.)। आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर एनटीपीसी की तपोवन-विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना में राज्य स्तरीय मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। इसमें परियोजना की सुरंग में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) और जलभराव की काल्पनिक स्थिति बनाकर बचाव एवं राहत अभियान का अभ्यास किया गया। इस दौरान सुरंग में फंसे 22 श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए विभिन्न बचाव एजेंसियों ने संयुक्त अभियान चलाया।
मॉक ड्रिल उत्तराखंड शासन के निर्देशों और मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में आयोजित की गई। इसका संचालन ज्योतिर्मठ के उपजिलाधिकारी अमित द्विवेदी के नियंत्रण में हुआ। अभ्यास के तहत काल्पनिक आपात स्थिति बनाई गई, जिसमें तपोवन स्थित एनटीपीसी परियोजना की सुरंग में अचानक फ्लैश फ्लड आने से भारी मात्रा में पानी और कीचड़ भर गया। इससे सुरंग में काम कर रहे तकनीकी कर्मचारियों और मशीन ऑपरेटरों सहित 22 श्रमिक फंस गए और उनका बाहरी क्षेत्र से संपर्क टूट गया।
आपातकालीन सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। इसमें एनटीपीसी, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), गढ़वाल स्काउट, राज्य अग्निशमन सेवा, उत्तराखंड पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों ने समन्वित रूप से भाग लिया। संयुक्त प्रयासों से सुरंग में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया, संचार व्यवस्था और उपलब्ध बचाव संसाधनों के उपयोग की क्षमता परखी गई। अभ्यास के माध्यम से हिमालयी क्षेत्र की भूमिगत जल विद्युत परियोजनाओं में फ्लैश फ्लड, सुरंग में जलभराव और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए पूर्व तैयारियों की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
एनटीपीसी के अनुसार,इस अभ्यास से आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की प्रभावशीलता का आकलन करने का अवसर मिला। नियमित मॉक अभ्यास, सुरक्षा जागरूकता और सामूहिक तैयारी से संभावित जोखिमों को कम करने तथा मानव जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
एनटीपीसी तपोवन-विष्णुगाड परियोजना ने कर्मचारियों की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन तैयारियों को मजबूत बनाने के लिए ऐसे अभ्यास नियमित रूप से जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण

