पिथौरागढ़ जिले में सप्ताह में एक दिन रहेगा 'नो व्हीकल डे', 15 मई से शुरू होगी 'हैलो हेल्प'सेवा
पिथौरागढ़, 14 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री के ऊर्जा संरक्षण संबंधी आह्वान पर जिला प्रशासन ने सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में सप्ताह में एक दिन 'नो व्हीकल डे' घोषित किया है। इसी क्रम में प्रशासन की ओर से नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से 'हैलो हेल्प' नामक टोल फ्री सेवा भी शुरू करेगा। इस सेवा का शुभारंभ 15 मई से हाेगा।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने गुरुवार काे बताया कि इस पहल का उद्देश्य ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देना, ईंधन की बचत करना तथा स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। जनपद के अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए निर्धारित दिवस पर अधिकतम पैदल चलने अथवा सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव से बड़े स्तर पर ऊर्जा संरक्षण संभव है।
जिलाधिकारी ने कहा कि 'हैलो हेल्प' सेवा के माध्यम से सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिक घर बैठे फोन के जरिए अपनी समस्याएं और शिकायतें प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे। इससे लोगों को छोटी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। विशेष रूप से दुर्गम क्षेत्रों के नागरिकों को समय, धन और अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी। प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था जनसुविधाओं को अधिक सरल, सुलभ और पारदर्शी बनाएगी। साथ ही मुख्यालय तक वाहनों की आवाजाही कम होने से ईंधन की बचत, यातायात में कमी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि हेलाे हेल्प सेवा की नियमित मॉनीटरिंग की जाएगी और शिकायतकर्ताओं से समय-समय पर फीडबैक लेकर शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा भी की जाएगी, ताकि आमजन को त्वरित और पारदर्शी सेवा सुनिश्चित की जा सके। इस पहल से नागरिकों को प्रशासनिक सहायता और शिकायत निवारण की बेहतर एवं त्वरित सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

