home page

ई-गवर्नेंस व्यवस्था होगी मजबूत, आधुनिक सुविधाओं से लैस हुआ एनआईसी कार्यालय

 | 
ई-गवर्नेंस व्यवस्था होगी मजबूत, आधुनिक सुविधाओं से लैस हुआ एनआईसी कार्यालय


देहरादून, 09 मई (हि.स.)। डिजिटल इंडिया अभियान को मजबूती देने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए कलेक्ट्रेट स्थित नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) कार्यालय का आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप कायाकल्प किया है। शनिवार को जिलाधिकारी सविन बंसल ने नव-नवीनीकृत कार्यालय परिसर का उद्घाटन किया।

नवीनीकरण के तहत जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी तथा तकनीकी स्टाफ के लिए आधुनिक कार्यस्थल और आवश्यक संसाधन विकसित किए गए हैं।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि एनआईसी शासन और प्रशासन की डिजिटल व्यवस्थाओं की महत्वपूर्ण कड़ी है। कार्यालय के सुदृढ़ीकरण से ई-गवर्नेंस से जुड़ी गतिविधियों को नई गति मिलेगी और विभिन्न विभागों के कार्यों का संचालन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के सफल संचालन में भी यह व्यवस्था उपयोगी सिद्ध होगी।

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकी संसाधनों से कर्मचारियों को कार्य निष्पादन में सुविधा मिलेगी और डिजिटल सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य नागरिकों तक पारदर्शी, त्वरित और दक्ष डिजिटल सेवाएं पहुंचाना है।

कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई सुविधाओं से कार्यक्षमता में वृद्धि होगी तथा सेवाओं के संचालन में सरलता और गति आएगी।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, एसडीएम सदर कुमकुम जोशी, सचिवालय एनआईसी राज्य इकाई प्रमुख अरविंद कुमार दाधीचि, अपर राज्य सूचना विज्ञान अधिकारी राजीव जोशी, वरिष्ठ निदेशक आईटी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुश पाण्डे, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी दीप्ति चमोली और अर्थ एवं संख्याधिकारी शशिकांत गिरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय