नया श्री झण्डाजी पहुंचा श्री दरबार साहिब, 8 मार्च को हाेगा स्थापित, बड़ी संख्या में पहुंचीं संगतें
देहरादून, 06 मार्च (हि.स.)। श्री गुरु राम रायजी महाराज एवं श्रीमहंत देवेन्द्र दासजी महाराज के जयकारों के साथ 94 फीट ऊंचा नया पवित्र ध्वजदण्ड (नया श्रीझण्डाजी) शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ श्री दरबार साहिब लाया गया। इस नए श्रीझंडाजी का 8 मार्च को आरोहण होगा। इस मौके पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दून नगरी में एकत्रित हुईं हैं।
शुक्रवार प्रातः ब्रह्ममुहूर्त से ही संगतों के श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, बॉम्बे बाग पहुंचने का क्रम प्रारम्भ हो गया था। श्रद्धालु गुरु भक्ति भाव से इस क्षण की प्रतीक्षा कर रहे थे। यहां पर दरबार श्री गुरु राम रायजी महाराज के सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज ने संगतों को पावन दर्शन देकर उन्हें आशीर्वाद दिया।
इसके बाद श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज की अगुवाई में संगतों ने गुरु चरणों में अरदास अर्पित की। गुरु महिमा के जयकारों के बीच प्रातः लगभग 8 बजे श्रद्धालु संगतों ने अत्यंत श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ नए पवित्र ध्वजदण्ड को अपने कंधों पर उठाया और श्री दरबार साहिब की ओर प्रस्थान किया। जैसे ही संगतों ने पवित्र ध्वजदण्ड को अपने कंधों पर धारण किया, पूरा वातावरण श्री गुरु राम राय जी महाराज, श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज और श्री झण्डा जी महाराज के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। संगतें पवित्र ध्वजदण्ड को लेकर टीएचडीसी चौक, श्रीमहंत इन्दिरेश अस्पताल के सामने से होते हुए लाल पुल चौक पहुँचीं। वहाँ से यह पावन यात्रा मातावाला बाग और सहारनपुर चौक से होती हुई प्रातः लगभग 9ः30 बजे अत्यंत श्रद्धा और भक्ति के साथ श्री दरबार साहिब पहुंची। मार्ग में कई जगह श्रद्धालुओं ने संगतों का स्वागत और सेवा के लिए शबील, शीतल जल, फल एवं अन्य प्रसाद के लंगर की व्यवस्था की गई थी।
इस अवसर पर श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज ने कहा कि श्री झण्डा महोत्सव प्रेम, स्नेह, सद्भाव, भाईचारा, मानवता, श्रद्धाभाव और अटूट आस्था का प्रतीक पावन मेला है। यह मेला गुरु की कृपा और आशीर्वाद से सभी धर्मों, समुदायों और वर्गों के लोगों को एक सूत्र में पिरोता है।
श्री दरबार साहिब प्रबन्धन ने बताया कि 8 मार्च को ऐतिहासिक श्री झण्डे जी का आरोहण होगा और इसी के साथ श्री झण्डा महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हो जाएगा। इस महाेत्सव में बड़ी संख्या में संगतें आएंगी। श्री झण्डा मेला आयोजन समिति के मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने बताया कि संगतों के ठहरने की समुचित व्यवस्था कर ली गई है। इसके लिए श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल बिंदाल, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल तालाब, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल राजा रोड, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल भण्डारी बाग, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल पटेल नगर के अलावा दून की सभी प्रमुख धर्मशालाओं में व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही एक दर्जन छोटे बड़े लंगरों की भी व्यवस्था की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

