home page

हरिद्वार कुंभ : 45 दिन चलेगा नेत्र कुंभ महाशिविर, 1.50 लाख लोगों के आंखों की हाेगी जांच

 | 
हरिद्वार कुंभ : 45 दिन चलेगा नेत्र कुंभ महाशिविर, 1.50 लाख लोगों के आंखों की हाेगी जांच


-29 नवंबर को दून में होगा नेत्र कुंभ का शंखनाद, 10 हजार मरीजों के मोतियाबिंद सहित अन्य नेत्र रोगों के होंगे निःशुल्क ऑपरेशन

देहरादून, 27 नवंबर (हि.स.)। हरिद्वार कुंभ मेला-2027 के अवसर पर निःशुल्क नेत्र चिकित्सा महाशिविर 'नेत्र कुंभ-2027' आयोजित किया जाएगा। इसके तहत 12 जनवरी से 25 फरवरी 2027 तक 45 दिवसीय महाशिविर में श्रद्धालुओं और आम लोगों को निःशुल्क नेत्र जांच, दवाइयां, चश्मा वितरण और मोतियाबिंद सहित अन्य नेत्र रोगों के ऑपरेशन की सुविधा मिलेगी। इस सेवा अभियान का औपचारिक शंखनाद रविवार, 29 नवंबर को देहरादून के दून मेडिकल कॉलेज सभागार में होगा। यह जानकारी आयोजन समिति के प्रबंध प्रमुख एवं सक्षम उत्तराखंड के प्रांत अध्यक्ष एडवोकेट ललित प्रसाद पंत ने पत्रकारों से बातचीत में दी।

उन्होंने कहा कि नेत्रदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और रोके जा सकने वाले अंधत्व से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से इस पांचवें महाअभियान का शंखनाद किया जा रहा है। आयोजन समिति के अनुसार,कार्यक्रम पूर्वाह्न 11 बजे आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि होंगे। द हंस फाउंडेशन के संस्थापक माता मंगला और भोले जी महाराज का सान्निध्य रहेगा। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल विशिष्ट अतिथि, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र कुमार मुख्य वक्ता और सक्षम के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. दयाल सिंह पंवार कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

उन्हाेंने बताया कि नेत्र कुंभ-2027 में इस बार 1.50 लाख लोगों की निःशुल्क नेत्र जांच करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही एक लाख जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे और दवाइयां वितरित की जाएंगी। चयनित 10 हजार मरीजों के मोतियाबिंद और अन्य नेत्र रोगों के ऑपरेशन किए जाएंगे। इस महाशिविर में देशभर के 100 नेत्र विशेषज्ञ और 300 ऑप्टोमेट्रिस्ट अपनी सेवाएं देंगे।

आयोजन समिति के अनुसार, प्रयागराज में वर्ष 2019 और 2025, हरिद्वार में वर्ष 2021 और रामदेवरा में वर्ष 2025 में आयोजित चार सफल आयोजनों के बाद यह नेत्र कुंभ का पांचवां महाअभियान होगा। इस बार उत्तराखंड सरकार और कुंभ मेला प्रशासन के सहयोग से इसका आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य रोके जा सकने वाले अंधत्व की समस्या को कम करना और समाज के जरूरतमंद लोगों तक आधुनिक नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है। इसके लिए सक्षम, द हंस फाउंडेशन, स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी, नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (एनएमओ), एम्स ऋषिकेश और दिव्य प्रेम सेवा मिशन सहित कई संस्थाएं सहयोग कर रही हैं।

नेत्र कुंभ आयोजन समिति के उपाध्यक्ष सुरेंद्र मित्तल ने कहा कि 45 दिनों तक चलने वाले इस महाशिविर के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक आधुनिक नेत्र चिकित्सा पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। जांच से लेकर चश्मा वितरण और ऑपरेशन तक की सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

आयोजन समिति के महासचिव एवं स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी के सचिव डॉ. अनुज सिंघल ने बताया कि इतने बड़े अभियान को सफल बनाने के लिए देशभर के नेत्र विशेषज्ञ और ऑप्टोमेट्रिस्ट जुटेंगे। मरीजों की जांच से लेकर ऑपरेशन के बाद की देखभाल तक चिकित्सा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। समिति ने मीडिया प्रतिनिधियों और आमजन से 29 नवंबर को दून मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय