home page

उत्तराखंड में नई शिक्षा नीति के 202 में से 71 लक्ष्य पूरे, 111 पर कार्य जारी

 | 

देहरादून, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड में नई शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के क्रियान्वयन को लेकर शिक्षा विभाग ने निर्धारित 202 लक्ष्यों में से 71 लक्ष्य पूरे कर लिए हैं, जबकि 111 लक्ष्यों पर कार्य जारी है। वहीं 20 कार्यों पर अभी शुरुआत की जानी है।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य सरकार एनईपी-2020 के प्रावधानों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण, नवाचार आधारित और रोजगारोन्मुख शिक्षा प्रत्येक बच्चे तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) की निदेशक वंदना गर्ब्याल ने बताया कि एनईपी-2020 के तहत राज्य में प्री-प्राइमरी शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत एससीईआरटी और सभी 13 जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डायट्स) में कुल 14 मॉडल बालवाटिकाएं स्थापित की गई हैं। इसके अलावा प्रदेश के 5982 को-लोकेटेड आंगनवाड़ी केंद्रों में बालवाटिकाओं का संचालन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि बालवाटिका कक्षाओं के संचालन के लिए 11,196 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और विभागीय अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया है। बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को गतिविधि आधारित और आनंददायक बनाने के लिए प्राथमिक विद्यालयों में ‘जादुई पिटारा’ उपलब्ध कराया गया है, जिसमें खिलौनों और शिक्षण सामग्री का समावेश है। साथ ही स्कूल रेडीनेस मॉड्यूल ‘आरोही’ भी लागू किया गया है।

उन्होंने बताया कि निपुण भारत मिशन के तहत बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान से संबंधित पुस्तिकाएं विकसित कर विद्यालयों में लागू की गई हैं, जिनकी निगरानी ‘प्रगति ऐप’ के माध्यम से की जा रही है। छात्र नामांकन बढ़ाने और ड्रॉपआउट बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए चलाए गए अभियान के तहत 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के 3,198 बच्चों को चिन्हित कर ब्रिज कोर्स के माध्यम से पुनः शिक्षा से जोड़ा गया है।

वंदना गर्ब्याल ने बताया कि राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की अनुशंसाओं के अनुरूप राज्य पाठ्यचर्या तैयार कर ली गई है। इसके अलावा कौशल आधारित शिक्षक प्रशिक्षण, समावेशी शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा, बहुभाषिकता, डिजिटल शिक्षा और उल्लास कार्यक्रम से जुड़े लक्ष्यों को भी पूरा किया गया है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय