home page

एनडीआरएफ ने छात्राओं को दी आपदा प्रबंधन की जानकारी

 | 
एनडीआरएफ ने छात्राओं को दी आपदा प्रबंधन की जानकारी


हरिद्वार, 27 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय आपदा मोचन दल (एनडीआरएफ) की 15वीं वाहिनी द्वारा पीएम श्री गर्ल्स इंटर कालेज ज्वालापुर में विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान टीम कमांडर इंस्पेक्टर त्रेपन सिंह के नेतृत्व में विद्यालय की छात्राओं एवं शिक्षिकाओं को आपदा संबंधी जोखिमों, प्राकृतिक आपदाओं एवं जीवन रक्षक उपायों के प्रति जागरूक करते हुए आपदा प्रबंधन की मूलभूत जानकारी प्रदान की गयी एवं विभिन्न प्रकार की आपदाओं से बचाव एवं सुरक्षा संबंधी सावधानियों के विषय में विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया।

एनडीआरएफ टीम द्वारा सीपीआर, एफबीएओ एवं बीएलएस जैसी जीवन रक्षक प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। इसके अतिरिक्त रक्तस्राव नियंत्रण तकनीक, अस्थायी स्ट्रेचर निर्माण, आपातकालीन एवं गैर-आपातकालीन मूव्स, इम्प्रोवाइज्ड फ्लोटिंग डिवाइसेस तथा भूकंप के दौरान सुरक्षित निकासी एवं बचाव उपायों का अभ्यास भी कराया गया। कार्यक्रम में आई.गोट ऐप के माध्यम से आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में डिजिटल ज्ञानवर्धन एवं स्वयं को प्रशिक्षित करने संबंधी जानकारी साझा करते हुए छात्राओं को आधुनिक तकनीक के माध्यम से आपदा जागरूकता बढ़ाने हेतु प्रेरित किया गया। जागरूकता अभियान विद्यालय के 22 शिक्षक एवं 1560 छात्राएं शामिल हुई। विद्यालय की प्रधानाचार्या ने एनडीआरएफ टीम का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला