home page

नैनी झील में कैडेटों ने पूरी की 20 किमी नौकायन यात्रा

 | 
नैनी झील में कैडेटों ने पूरी की 20 किमी नौकायन यात्रा


नैनीताल, 19 अगस्त (हि.स.)। एनसीसी की 5 यूके नेवल यूनिट नैनीताल के मोस्ट एंटरप्राइजिंग नेवल यूनिट कैम्प-2026 के तीसरे दिन कैडेटों ने नैनी झील में 20 किलोमीटर की नौकायन यात्रा पूरी की। कैम्प के तीन दिनों में कैडेट अब तक कुल 81 किलोमीटर की दूरी तय कर चुके हैं।

घोड़ाखाल सैनिक स्कूल में आयोजित प्रशिक्षण सत्र में कैडेटों को तैराकी की आधारभूत तकनीक, जल सुरक्षा, आपात परिस्थितियों में प्रतिक्रिया और जीवनरक्षक उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा 22 मिमी राइफल से निशानेबाजी के दौरान हथियार संचालन, सुरक्षा सावधानियों और निशानेबाजी के मूलभूत सिद्धांतों की जानकारी दी गई।

एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन मृदुल शाह ने बताया कि 17 से 26 अगस्त तक चल रहे कैम्प का उद्देश्य कैडेटों को नौसैनिक प्रशिक्षण के साथ अनुशासन, नेतृत्व, साहस, आत्मविश्वास, टीम भावना और आपात परिस्थितियों में निर्णय लेने का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है।

उन्होंने बताया कि कैम्प के आगामी दिनों में नौसैनिक प्रशिक्षण के साथ साहसिक गतिविधियां, सामाजिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी