home page

नयार वैली फेस्टिवल शुरू, मुख्यमंत्री धामी बोले- पर्यटन, परंपरा और एडवेंचर गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 26 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के बिलखेत में आयोजित नयार वैली फेस्टिवल का विधिवत शुभारंभ किया। इस माैके पर उन्होंने कहा कि यह आयोजन नयार घाटी को राज्य के प्रमुख साहसिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

मुख्यमंत्री ने नयार घाटी में पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की घोषणा की। साथ ही विकासखंड पोखड़ा में रसलवांण दीवा मंदिर, बीरोंखाल में कालिंका मंदिर, एकेश्वर में एकेश्वर महादेव मंदिर तथा पाबौ में चम्पेश्वर महादेव मंदिर से संबंधित विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट प्रदान की। समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण भी वितरित किए गए। उन्होंने महिला समूहों, स्थानीय नागरिकों, साइक्लिस्टों एवं एंगलरों से संवाद कर सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर बल दिया।

इस अवसर पर पैराग्लाइडिंग, पैरामोटरिंग, हॉट एयर बैलून, माउंटेन बाइकिंग, कयाकिंग, एंगलिंग, जिपलाइन, बर्मा ब्रिज और रिवर्स बंजी सहित विभिन्न साहसिक गतिविधियों का फ्लैग ऑफ किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने जनपद में संचालित विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि श्रीनगर में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा खोह नदी को स्वच्छ बनाने के लिए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रशासनिक टीमें न्याय पंचायत स्तर तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही हैं और आवश्यक प्रमाणपत्र घर-घर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि नयार वैली फेस्टिवल राज्य को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख एडवेंचर पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने में सहायक सिद्ध होगा। विधायक राजकुमार पोरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित रहे। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न साहसिक, सांस्कृतिक एवं जनसहभागिता आधारित गतिविधियों का सफल संचालन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय