मुख्यमंत्री ने किया 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा का समापन, पर्यावरण संरक्षण पर दिया जोर
देहरादून, 17 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में निकाली गई 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026 का समापन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए विकास की योजनाओं को आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने डॉ. जोशी और यात्रा में शामिल साइकिल यात्रियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि 47 दिनों तक साइकिल यात्रा करना प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके समर्पण तथा दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रेरणादायी उदाहरण है। यह यात्रा केवल लंबी दूरी तय करने का अभियान नहीं, बल्कि जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का सार्थक प्रयास है।
उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सामाजिक संबंध हैं। जनकपुर धाम और अयोध्या का संबंध साझा सांस्कृतिक विरासत और रोटी-बेटी के आत्मीय रिश्तों का प्रतीक है। दोनों देशों की भौगोलिक और प्राकृतिक परिस्थितियां भी एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. अनिल प्रकाश जोशी का संदेश 'प्रकृति ही प्रभु है' भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन की मूल भावना को व्यक्त करता है। भारतीय संस्कृति में प्रकृति को सदैव पूजनीय माना गया है। प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरण से जुड़ा विषय नहीं, बल्कि मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी भी है। प्रकृति सुरक्षित रहेगी, तभी मानव जीवन भी सुरक्षित रह सकेगा।
मुख्यमंत्री ने ग्रॉस एनवायरनमेंट प्रोडक्ट (जीईपी) की अवधारणा को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण की गुणवत्ता के आकलन के माध्यम से विकास एवं पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करने में यह उपयोगी सिद्ध हो सकती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान हिमालय, नदियों, वनों और जैव विविधता जैसी समृद्ध प्राकृतिक संपदा से है। राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण को विकास की प्राथमिकताओं में शामिल कर काम कर रही है।
उन्होंने नौले-धारे, चाल-खाल और पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया। कहा कि इस दिशा में महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। प्रकृति संरक्षण का संदेश निरंतर आगे बढ़ना चाहिए और ऐसे अभियान समाज में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बताया कि दो अक्टूबर को नेपाल के जनकपुर धाम से शुरू हुई इस यात्रा में 3,000 किलोमीटर से अधिक दूरी तय की गई। यात्रा नेपाल सहित भारत के विभिन्न राज्यों के 25 से अधिक जिलों और 150 से अधिक गांवों से होकर गुजरी। इसके माध्यम से जल, जंगल और जमीन के संरक्षण तथा प्रकृति एवं मानव जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया।
विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन का पोस्टर जारी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 28 से 30 नवंबर तक देहरादून में आयोजित होने वाले विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 के पोस्टर का भी विमोचन किया।
यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने बताया कि सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के सफल एवं सुरक्षित बचाव अभियान की तीसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। 'सिलक्यारा के साहस से वैश्विक आपदा प्रतिरोधक क्षमता तक' विषय पर आधारित सम्मेलन में आपदा जोखिम के पूर्वानुमान, प्रबंधन की तैयारियों, नवीन तकनीकों और आपदाओं से निपटने की क्षमता विकसित करने जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसका उद्देश्य आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में अनुभवों, ज्ञान और नवाचारों का आदान-प्रदान करना है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

