राष्ट्र स्तरीय सरस मेला 24 नवंबर से होगा, 250 स्टॉल होंगे शामिल
हल्द्वानी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में अगले माह 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक राष्ट्र स्तरीय सरस मेला 2026-27 आयोजित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को विकास भवन सभागार में बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे की अध्यक्षता में हुई बैठक में मेले की सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, अग्निशमन, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को मेले की समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेले में नियंत्रण कक्ष स्थापित करने तथा उसमें विद्युत, लोक निर्माण, जल संस्थान, पुलिस, अग्निशमन और वन विभाग समेत संबंधित विभागों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने 30 अक्टूबर से पहले सभी निविदा प्रक्रियाएं पूरी करने तथा अतिथियों के लिए आमंत्रण पत्र के ई-कार्ड तैयार कराने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने बताया कि सरस मेले में देशभर के स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी के साथ 250 स्टॉल लगाए जाएंगे। संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस और परिवहन विभाग को सुरक्षा एवं पार्किंग की कार्ययोजना तैयार करने, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा शिविर व एंबुलेंस, जल संस्थान व विद्युत विभाग को पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति तथा नगर निगम हल्द्वानी को सफाई और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने और जिला सूचना अधिकारी को मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए नोडल अधिकारी बनाने के निर्देश दिए गए। बैठक में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और सभी खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

