देहरादून में 9 मई को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत
देहरादून, 24 अप्रैल (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के तत्वावधान में आगामी 9 मई को जनपद देहरादून के मुख्यालय सहित समस्त बाह्य न्यायालय परिसरों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस लोक अदालत का उद्देश्य लंबित एवं प्री-लिटिगेशन वादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित, सुलभ एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव और सिविल जज (वरिष्ठ प्रभाग) सीमा डुंगराकोटी ने शुक्रवार काे बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में दीवानी, वैवाहिक एवं पारिवारिक वाद, चेक बाउंस प्रकरण, वसूली एवं मोटर दुर्घटना से संबंधित वाद, श्रम विवाद, उपभोक्ता फोरम के मामले तथा प्री-लिटिगेशन वादों का निपटारा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त न्यायालयों में लंबित शमनीय प्रकृति के मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के चालानों का भी निस्तारण किया जाएगा, जिसमें निर्धारित शुल्क जमा कर बिना अतिरिक्त व्यय के मामलों का समाधान संभव होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

