home page

नैनीझील में मछलियों की मौत पर उठ रहे सवाल

 | 
नैनीझील में मछलियों की मौत पर उठ रहे सवाल


नैनीताल, 02 मई (हि.स.)। नैनी झील में काफी संख्या में मरी हुई मछलियां नजर आ रही हैं। मछलियों के मरने की घटनाओं से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। तल्लीताल पेट्रोल पंप क्षेत्र सहित झील के कई हिस्सों में मरी हुई मछलियां किनारे पर पाई गईं, जिनमें कुछ सड़ी-गली अवस्था में भी मिलीं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रतिबंध के बावजूद पर्यटक मछलियों को ब्रेड, बिस्किट जैसे बाहरी खाद्य पदार्थ खिला रहे हैं, जिससे मछलियों की मौतें हो रही हैं। उनका कहना है कि चालान की चेतावनी वाले बोर्ड लगे होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।

वहीं नगर पालिका परिषद ने इन आरोपों को निराधार बताया है। अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा के अनुसार झील में मृत पाई गई अधिकांश मछलियां अपनी आयु पूर्ण कर चुकी थीं और हाल की वर्षा के कारण उनके अवशेष किनारे आ गए। उन्होंने बताया कि मृत मछलियों के निष्पादन का कार्य झील विकास प्राधिकरण को सौंपा गया है।

दूसरी ओर डीएसबी परिसर के प्रो. एचसीएस बिष्ट ने ओलावृष्टि के बाद झील में ऑक्सीजन की कमी को भी एक कारण बताया है, जिससे बड़ी और उम्रदराज मछलियों की मृत्यु हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी