home page

नंदनवन में वन्यजीव संरक्षण और नया रायपुर के विकास मॉडल से रूबरू हुए उत्तराखंड के पत्रकार

 | 
नंदनवन में वन्यजीव संरक्षण और नया रायपुर के विकास मॉडल से रूबरू हुए उत्तराखंड के पत्रकार


रायपुर/देहरादून, 17 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के 13 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को पांच दिवसीय अध्ययन एवं मीडिया एक्सपोजर टूर के चौथे दिन नंदनवन जू एंड सफारी और नया रायपुर का भ्रमण किया। प्रतिनिधिमंडल ने वन्यजीव संरक्षण, प्राकृतिक आवास, रेस्क्यू एवं रिहैबिलिटेशन के साथ-साथ नियोजित शहरी विकास और पर्यावरणीय संतुलन की व्यवस्थाओं को करीब से समझा।

पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक संजीव सुंद्रियाल के नेतृत्व में पहुंचे मीडिया दल ने सबसे पहले नवा रायपुर स्थित नंदनवन जू एंड सफारी का निरीक्षण किया। करीब 320.15 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले परिसर में जू, सफारी, रेस्क्यू एवं रिहैबिलिटेशन सेंटर और 52.52 हेक्टेयर में खंडवा डैम शामिल है। केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण ने इसे मध्यम श्रेणी के चिड़ियाघर के रूप में मान्यता दी है।

प्रतिनिधिमंडल को बताया गया कि नंदनवन में करीब 75 एकड़ क्षेत्र में हर्बिवोर सफारी विकसित की गई है। यहां सांभर, चीतल, नीलगाय और ब्लैकबक जैसे शाकाहारी वन्यजीवों के लिए प्राकृतिक वातावरण तैयार किया गया है। भालू, बाघ और शेर के लिए करीब 50-50 एकड़ क्षेत्र में अलग-अलग सफारी भी विकसित की गई हैं।

जू में 43 प्रजातियों के वन्यजीवों के लिए व्यवस्था है। इनमें व्हाइट टाइगर, एशियाई शेर, रॉयल बंगाल टाइगर, तेंदुआ, हिमालयन भालू, गौर, सांभर, चीतल, नीलगाय, ब्लैकबक, चिंकारा, घड़ियाल और मगरमच्छ प्रमुख हैं। प्राकृतिक आवास की तर्ज पर विकसित बाड़ों के साथ करीब 2.2 किलोमीटर सड़क नेटवर्क बनाया गया है।

मीडिया दल ने वन्यजीव संरक्षण, रेस्क्यू किए गए वन्यजीवों की देखभाल, शोध तथा पर्यावरण जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल ने सफारी क्षेत्र में वन्यजीवों के लिए विकसित प्राकृतिक वातावरण का भी अवलोकन किया।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने नया रायपुर का भ्रमण किया। यहां दल ने नियोजित शहरी विकास, सड़क एवं परिवहन नेटवर्क, हरित क्षेत्रों, प्रशासनिक एवं संस्थागत भवनों तथा आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों की संरचना को समझा। अधिकारियों ने बताया कि नया रायपुर को पुराने शहर के विस्तार के बजाय एक नियोजित नए शहरी क्षेत्र के रूप में विकसित किया गया है।

प्रतिनिधिमंडल ने शहरी नियोजन, आधारभूत ढांचे, सार्वजनिक सुविधाओं और पर्यावरणीय संतुलन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। पांच दिवसीय मीडिया एक्सपोजर टूर के तहत यह भ्रमण पत्रकारों के लिए वन्यजीव संरक्षण और आधुनिक शहरी नियोजन की विभिन्न अवधारणाओं को जमीनी स्तर पर समझने का अवसर बना।

---

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय