home page

आठ वर्षीय नंदादेवी ने 5 हजार 3 सौ मीटर की ऊंचाई छूकर बनाया कीर्तिमान

 | 
आठ वर्षीय नंदादेवी ने 5 हजार 3 सौ मीटर की ऊंचाई छूकर बनाया कीर्तिमान


नैनीताल, 16 जून (हि.स.)। नैनीताल की 8 वर्षीय पर्वतारोही नंदादेवी साह ने रुद्र गौरा माउंटेन अल्टीट्यूड एक्सपीडिशन के दौरान 5300 मीटर यानी 17,480 फीट की ऊंचाई तक पहुंचकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। 3 जून से 15 जून तक चले इस अभियान में उन्होंने अपनी साहसिक क्षमता और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ऑल सेंट्स कॉलेज नैनीताल की कक्षा चार की छात्रा नंदादेवी अपने पिता एवं अभियान दल के नेतृत्वकर्ता अनीत साह के साथ पुणे से डॉ. नीलम बैद, डॉ. संजय बैद, डॉ. शशांक श्रोत्रिय, डॉ. बसंथ अल्बा, नैनीताल से करुणा साह तथा मुक्तेश्वर से देवेंद्र रौतेला सहित कुल 25 सदस्यों सहित अभियान में शामिल थीं। गंगोत्री क्षेत्र से माउंट रुद्र गौरा शिखर की ओर बढ़े दल को खराब मौसम और भारी बर्फबारी के कारण निर्धारित शिखर तक पहुंचने से पहले ही वापस लौटना पड़ा। हालांकि नंदादेवी ने 5300 मीटर की ऊंचाई तक पहुंचकर अपनी प्रतिभा और हौसले का परिचय दिया।

अनीत साह ने बताया कि नंदादेवी बचपन से ही पर्वतारोहण और ट्रेकिंग गतिविधियों से जुड़ी रही हैं। इस वर्ष वह अपनी मां के साथ लद्दाख हिमालय में आइस क्लाइम्बिंग अभियान में भी भाग ले चुकी हैं। इससे पहले वह दयारा बुग्याल, चंद्रशिला, इंद्रहारा बेस कैंप और छोटा कैलास जैसे कई कठिन ट्रेक सफलतापूर्वक पूरा कर चुकी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी