नंदा देवी महोत्सव : नैनीताल, भवाली और भीमताल में बुधवार को स्कूल-कॉलेज बंद
नैनीताल, 22 सितंबर (हि.स.)। श्री नंदा देवी महोत्सव के समापन और मां नंदा-सुनंदा के डोला विसर्जन कार्यक्रम के मद्देनजर 23 सितंबर, बुधवार को नैनीताल, भवाली और भीमताल नगर क्षेत्रों में सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा विश्वविद्यालयों में एक दिवसीय अवकाश रहेगा।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि बुधवार को नैनीताल में मां नंदा-सुनंदा की भव्य शोभायात्रा के बाद डोला विसर्जन किया जाएगा। भवाली और भीमताल में भी डोला विसर्जन कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने से यातायात प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए यह निर्णय लिया गया है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सेवा और सामुदायिकता की मिसाल बना नंदा महोत्सव
नंदा देवी महोत्सव के 124वें वर्ष में मंगलवार को नयना देवी मंदिर में देवी पूजन, पंच आरती और देवी भोग के साथ सुंदरकांड एवं नंदा चालीसा का आयोजन हुआ। शाम को नैनी झील में दीपदान किया गया। इसके लिए नगरवासियों से अपने घरों से दीपक लाने का आह्वान किया गया था।
महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और स्वयंसेवकों ने सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी की। भंडारे में प्रसाद वितरण, चरण पादुका और जूता व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं में स्वयंसेवकों ने सहयोग किया। श्री राम सेवक सभा के बाल कलाकारों ने भी श्रद्धालुओं को भोजन कराया।
मेला अधिकारी एवं एसडीएम नवाजिश खालिक, पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र, आरडी मठपाल, सीओ अंजना नेगी, नगरपालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, अधिशासी अधिकारी रोहितास शर्मा और विधायक सरिता आर्य सहित विभिन्न अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने महोत्सव की व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
आधे घंटे में बरामद किया महिला का गुम पर्स:
नंदा देवी मेले में खरीदारी के दौरान गुम हुआ ज्योलीकोट निवासी दीपाली बोरा का पर्स पुलिस ने करीब आधे घंटे में बरामद कर उन्हें लौटा दिया। पर्स में करीब दो हजार रुपये, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज थे।
पर्स गुम होने की सूचना मिलने पर मेला नियंत्रण कक्ष स्थित खोया-पाया केंद्र की पुलिस टीम ने आसपास तलाश शुरू की और दुकानदारों व अन्य लोगों से पूछताछ की। इसके बाद पर्स बरामद कर पूरा सामान महिला को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार मेले के दौरान खोया-पाया केंद्र और नियंत्रण कक्ष के माध्यम से अब तक 86 लोगों को सहायता दी गई है। इनमें 10 बुजुर्ग और 47 बच्चे अपने परिजनों से मिलाए गए, जबकि 29 लोगों के गुम पर्स, चाबी, मोबाइल, नकदी, बैग और अन्य सामान बरामद कर लौटाए गए हैं।
मेले में सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। नियंत्रण कक्ष से श्रद्धालुओं को बच्चों, बुजुर्गों और अपने सामान की सुरक्षा के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

