home page

नंदा की चौकी पुल एप्रोच रोड 12 घंटे में दुरुस्त, आवागमन बहाल

 | 
नंदा की चौकी पुल एप्रोच रोड 12 घंटे में दुरुस्त, आवागमन बहाल


देहरादून, 28 जुलाई (हि.स.)। प्रशासन ने भारी बारिश के कारण मंगलवार सुबह नंदा की चौकी स्थित पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 12 घंटे के भीतर आवागमन बहाल कर दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग, जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियों ने संयुक्त रूप से मरम्मत कार्य शुरू किया।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6:30 बजे भारी वर्षा के चलते पुल की एप्रोच रोड का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर कराने के निर्देश दिए।

अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने लगातार काम करते हुए क्षतिग्रस्त हिस्से को ठीक कर मार्ग को फिर से सुचारु कर दिया। मार्ग खुलने से स्थानीय लोगों को राहत मिली और आवश्यक सेवाओं का संचालन सामान्य हो गया। इस दौरान एक एंबुलेंस भी बिना बाधा मरीज को अस्पताल पहुंचाने में सफल रही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की स्थिति में राहत और पुनर्स्थापन कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तकनीकी और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

वहीं, पुल, एप्रोच रोड और निर्माण कार्यों से जुड़े अधिकारियों एवं ठेकेदार से स्पष्टीकरण तलब करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच में यदि किसी स्तर पर लापरवाही या मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय नागरिकों ने भी समय पर कार्रवाई कर मार्ग बहाल करने के लिए सरकार और प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि त्वरित कार्रवाई से लोगों को बड़ी राहत मिली है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय