शबच्चों को रुपये और खाद्य सामग्री देकर लुभाते यूपी के संदिग्ध को लोगों ने पकड़ा
नैनीताल, 29 जून (हि.स.)। मल्लीताल क्षेत्र के स्टाफ हाउस में एक संदिग्ध व्यक्ति के एक घर की तीसरी मंदिर पर आकर छोटे बच्चों को रुपये और खाने-पीने का सामान देकर अपनी ओर आकर्षित करने का मामला सामने आया है।
लोगों ने स्थानीय सभासद की मदद से युवक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर उसके संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाने के साथ मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में व्यक्ति मानसिक रूप से विक्षिप्त निकला है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात स्टाफ हाउस क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने एक युवक को एक छोटी बच्ची के पीछे-पीछे सीढ़ियां चढ़ते हुए देखा। संदेह होने पर लोगों ने उसे रोककर पूछताछ की। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि युवक बच्चों को रुपये और खाने-पीने का सामान देकर उन्हें लुभाने का प्रयास कर रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यही युवक लगभग छह माह पहले भी इसी क्षेत्र में देखा गया था।
इस संबंध में गृहस्वामी राहुल कुमार ने कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत भी दी है। कहा है कि आरोपित उनकी 13 वर्षीय बेटी व 8 वर्षीय बेटे को खाने की चीजें देने का प्रयास कर रहा था। सूचना मिलने पर मल्लीताल पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई। पुलिस उसके परिजनों से संपर्क करने के साथ उसके संबंध में अन्य जानकारियां एकत्र कर रही है।
कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक दिनेश जोशी ने बताया कि उसकी पहचान संदीप, पुत्र धरम बाबू निवासी ऊंचाहार, रायबरेली उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह मानसिक रूप से विक्षिप्त है।
वह पूर्व में भी एक बार गायब हो गया था और काफी दिनों के बाद राजस्थान में मिला था। उसके परिजनों को बुलाया यगा है। अलबत्ता स्थानीय लोगों ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन और निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ किए जाने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

