home page

दोहरे हत्याकांड का वांछित आरोपित मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

 | 
दोहरे हत्याकांड का वांछित आरोपित मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार


हरिद्वार, 30 सितंबर (हि.स.)। जनपद के ग्राम झबरेड़ी कलां में बहन और उसके प्रेमी की हत्या के मामले में वांछित चल रहे आरोपित को झबरेड़ा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से आरोपित घायल हो गया। उसे उपचार के लिए राजकीय अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा और जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर को झबरेड़ी कलां गांव में सूरज उर्फ मुन्ना (करीब 18 वर्ष) और रुपा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक सूरज के पिता अशोक पुत्र चत्तर सिंह की तहरीर पर झबरेड़ा कोतवाली में अमन उर्फ भरोसी पुत्र रामकुमार, निवासी झबरेड़ी कलां के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

प्रेम प्रसंग से नाराजगी का आरोप

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित अमन उर्फ भरोसी ने अपनी बहन रुपा और सूरज के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों की हत्या करने की बात बताई है। पुलिस का कहना है कि आरोपित के अनुसार उसे इस रिश्ते से परिवार और समाज में बदनामी होने की आशंका थी। दोहरे हत्याकांड के बाद आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ उसकी तलाश कर रही थी।

चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग

पुलिस के अनुसार, बुधवार को टीम को सूचना मिली कि दोहरे हत्याकांड का आरोपित अमन उर्फ भरोसी अपने गांव की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम नहर पुल पिकेट पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल से एक व्यक्ति तेज गति से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और ग्राम बूढ़पुर पाल बस्ती की ओर जाने वाले मार्ग पर भागने लगा। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन पुलिस के अनुसार आरोपित ने दोबारा फायरिंग की।

इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपित के पैर में गोली लगी। घायल आरोपित की पहचान दोहरे हत्याकांड के वांछित अमन उर्फ भरोसी के रूप में हुई। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए राजकीय अस्पताल हरिद्वार पहुंचाया।

मुठभेड़ में अलग मुकदमा दर्ज

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के संबंध में झबरेड़ा कोतवाली में अमन उर्फ भरोसी के खिलाफ मुकदमा में धारा 109(1) बीएनएस और 3ध्25(1-बी) आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस अब आरोपित के आपराधिक इतिहास, हत्या की वारदात में प्रयुक्त हथियार और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विधिक कार्यवाही के बाद पुलिस ने आरोपित का चालान कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला