आदित्य राणा हत्याकांड क खुलासा, तीन नामजद आरोपित गिरफ्तार
हरिद्वार, 03 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद के कोतवाली भगवानपुर में आदित्य उर्फ आदि राणा हत्याकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में नामजद तीनों आरोपितों को इमली रोड टोल प्लाजा के पास से घेराबंदी कर हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक का आरोपितों से पहले से विवाद चल रहा था। विवाद के निस्तारण के बहाने उसे घर बुलाया गया, जहां कथित तौर पर तीनों ने एक राय होकर उस पर तमंचे से फायर कर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, एक अक्टूबर को सागर पुत्र रविन्द्र राणा निवासी भगवानपुर ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि उसके भाई आदित्य उर्फ आदि राणा को अनिल शर्मा, उसके पुत्र राहुल शर्मा और रोहित शर्मा उर्फ लक्की निवासी प्रताप कॉलोनी, भगवानपुर ने अपने घर बुलाया और देशी तमंचे से फायर कर उसकी हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
चार टीमों ने खंगाली सीसीटीवी फुटेज
घटना के शीघ्र खुलासे के लिए एसएसपी के निर्देश पर एसपी ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी भगवानपुर की निगरानी में प्रभारी निरीक्षक ने चार अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संभावित रास्तों पर निगरानी के साथ संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस के मुताबिक, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तीनों आरोपितों को शनिवार को इमली रोड टोल प्लाजा के पास से पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपितों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त .315 बोर का तमंचा और खोखा कारतूस भी बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपितों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उनका चालान कर दिया है। गिरफ्तार आरोपितों में अनिल शर्मा पुत्र रामपाल, राहुल शर्मा, रोहित शर्मा उर्फ लक्की पुत्र अनिल शर्मा निवासी प्रताप कॉलोनी, भगवानपुर, हरिद्वार बताए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

