home page

नगर निगम की कार्रवाई: कूड़ा ढके बिना ले जाने पर कर्मचारी को नोटिस

 | 
नगर निगम की कार्रवाई: कूड़ा ढके बिना ले जाने पर कर्मचारी को नोटिस


हरिद्वार, 04 जुलाई (हि.स.)। नगर निगम हरिद्वार ने स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए घाट क्षेत्र में अपशिष्ट परिवहन के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली को निर्धारित मानकों के अनुरूप ढककर नहीं ले जाने के मामले में संबंधित कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

नगर निगम के अनुसार, संज्ञान में आया था कि घाट क्षेत्र से कूड़ा एकत्र करने के दौरान निगम का एक कर्मचारी ट्रैक्टर-ट्रॉली को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार कवर किए बिना ले जा रहा था। मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा गया तथा भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही दोबारा न होने के निर्देश दिए गए।

मामले के बाद मुख्य सफाई निरीक्षक एवं कार्यशाला प्रभारी अर्जुन सिंह के नेतृत्व में नगर निगम के सभी वाहन चालकों तथा निगम की अनुबंधित एजेंसियों के वाहन चालकों के लिए एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला में चालकों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई और निर्देशित किया गया कि अपशिष्ट संग्रहण एवं परिवहन करने वाले सभी वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी तरह ढककर ही संचालित किए जाएं।

नगर निगम प्रशासन ने दोहराया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखना उसकी सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निगम ने कहा कि सभी कार्मिकों एवं वाहन चालकों को समय-समय पर आवश्यक प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला