home page

राज्यपाल ने किया ‘मुक्त ज्ञान कोष’ का लोकार्पण

 | 
राज्यपाल ने किया ‘मुक्त ज्ञान कोष’ का लोकार्पण


देहरादून, 25 अगस्त (हि.स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने मंगलवार को लोक भवन में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी द्वारा विकसित डिजिटल शैक्षणिक मंच ‘मुक्त ज्ञान कोष’ का लोकार्पण किया। उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी और पूरी टीम को इस पहल के लिए बधाई दी।

राज्यपाल ने कहा कि ‘मुक्त ज्ञान कोष’ केवल डिजिटल मंच नहीं, बल्कि ज्ञान को समाज की शक्ति और राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए इसकी उपयोगिता और बढ़ जाती है। पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री पहुंचाना समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा, “पहाड़ में दूरी हो सकती है, लेकिन ज्ञान की पहुंच में दूरी नहीं होनी चाहिए।” ज्ञान की पहुंच बढ़ने से अवसरों का विस्तार होगा और प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का रास्ता मिलेगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण ज्ञानवान, कुशल, चरित्रवान और जिम्मेदार नागरिकों से होगा तथा शिक्षा में किया गया प्रत्येक निवेश राष्ट्र के भविष्य में निवेश है।

‘मुक्त ज्ञान कोष’ में विश्वविद्यालय की ई-पुस्तकों और अध्ययन सामग्री के साथ शिक्षकों के शोध कार्य, शोध-पत्र, शोध डेटा, शोध प्रबंध तथा विश्वविद्यालय से संबंधित ज्ञान सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा देश-विदेश के मुक्त शैक्षणिक संसाधनों को खोजने की सुविधा भी इसमें दी गई है। यह मंच विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधार्थियों के लिए अध्ययन एवं शोध का व्यापक डिजिटल माध्यम उपलब्ध कराता है।

इस अवसर पर अपर सचिव राज्यपाल श्रीमती रीना जोशी, कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी, कुलसचिव खेमराज भट्ट, निदेशक स्कूल ऑफ कम्प्यूटर साइंस एवं आईटी प्रो. जीतेंद्र पाण्डे, निदेशक स्कूल ऑफ वोकेशनल स्टडीज प्रो. आशुतोष कुमार भट्ट और निदेशक स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एवं मास कम्युनिकेशन प्रो. राकेश रयाल आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय