home page

एमपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव पर विवाद,तीन नामांकन निरस्त, चुनाव प्रक्रिया होल्ड

 | 
एमपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव पर विवाद,तीन नामांकन निरस्त, चुनाव प्रक्रिया होल्ड


मसूरी, 25 सितंबर (हि.स.)। मसूरी के एमपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर शुक्रवार को विवाद उत्पन्न हो गया। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान एबीवीपी के उपाध्यक्ष,सचिव और कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के नामांकन निरस्त किए जाने के बाद विभिन्न छात्र संगठनों ने प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने फिलहाल चुनाव प्रक्रिया होल्ड कर दी है।

कॉलेज प्रशासन के अनुसार नामांकन पत्रों की जांच निर्धारित चुनाव नियमों और प्रक्रिया के तहत की गई। उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी के नामांकन में निर्धारित आयु सीमा से संबंधित आपत्ति सामने आई, जबकि सचिव और कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के दस्तावेजों और क्रेडिट बेस्ड सिस्टम से जुड़े मानकों में कमियां बताई गईं। इन्हीं आधारों पर तीनों नामांकन निरस्त किए गए।नामांकन निरस्त होने के बाद कॉलेज परिसर में छात्र संगठनों ने नारेबाजी और प्रदर्शन किया। एनएसयूआई ने कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में राजनीतिक हस्तक्षेप किया जा रहा है।

एमपीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील पवार ने बताया कि पूरे घटनाक्रम से विश्वविद्यालय के कुलपति को ई-मेल के माध्यम से अवगत करा दिया गया है। फिलहाल चुनाव प्रक्रिया होल्ड है और विश्वविद्यालय से प्राप्त निर्देशों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एनएसयूआई के चुनाव प्रभारी सूरज रावत ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव लिंगदोह समिति की सिफारिशों और निर्धारित नियमों के अनुरूप कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास हुआ तो संगठन आंदोलन करेगा। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान आत्मदाह जैसी गंभीर चेतावनी भी दी।

कॉलेज प्रशासन ने राजनीतिक दबाव के आरोपों की पुष्टि नहीं की है। उसका कहना है कि नामांकन पत्रों की जांच निर्धारित नियमों के अनुसार की गई है। विवाद बढ़ने के बाद मसूरी छात्र संगठन और जौनपुर छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने भी आंदोलन को समर्थन दिया।

नामांकन प्रक्रिया के बाद अध्यक्ष पद के लिए एनएसयूआई के विकास सिंह,एबीवीपी के विद्यांत थापली और मसूरी छात्र संगठन के मनन शाही मैदान में हैं। हालांकि,नामांकन की अंतिम स्थिति विश्वविद्यालय के निर्णय के बाद ही स्पष्ट होगी। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर को मतदान और उसी दिन मतगणना होनी थी।----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय