home page

नई टिहरी में मेडिकल काॅलेज निमार्ण काे आंदाेलन जारी, मिल रहा जन समर्थन

 | 
नई टिहरी में मेडिकल काॅलेज निमार्ण काे आंदाेलन जारी, मिल रहा जन समर्थन


नई टिहरी, 18 अगस्त (हि.स.)। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति का बेमियादी धरना व क्रमिक अनशन जारी रहा। तीसरे दिन धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि चयन को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने इणियां में पूर्व में ही भूमि चयन कर प्रस्ताव शासन को भेज दिया था। कार्यदायी संस्था ने मेडिकल कॉलेज की डीपीआर तैयार की। बावजूद इसके स्वीकृति नहीं दी गई। मांग की कि जल्द यहां मेडिकल कॉलेज बनाया जाए।

मंगलवार को संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल के नेतृत्व में गणेश चौक बौराड़ी में भाजपा नेता जीतराम भट्ट, व्यापार मंडल नई टिहरी के अध्यक्ष भगवान सिंह रावत, मायाराम थपलियाल, लववीर चौहान, विनोद डोभाल, रामकृष्ण उनियाल, रतन लाल उनियाल, मनोज चमोली, रामप्रकाश सेमवाल, दिनेश नंदराल, दिनेश चौहान 24 घंटे के क्रमिक अनशन पर बैठे।

समर्थन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने धरना देते हुए सरकार पर टिहरी की उपेक्षा का आरोप लगाया। कहा कि देश की ऊर्जा, सिंचाई, पेयजल की जरूरतों को पूरा करने के लिए टिहरी के लोगों ने कुर्बानी दी, लेकिन आज टिहरी उपेक्षा का दंश झेल रहा है। सीएम घोषणा के बावजूद समस्या हल न होना दुर्भाग्यपूर्ण है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी