home page

पौड़ी हादसे के बाद हरिद्वार के रायपुर गांव में पसरा मातम

 | 
पौड़ी हादसे के बाद हरिद्वार के रायपुर गांव में पसरा मातम


हरिद्वार, 08 अगस्त (हि.स.)। पौड़ी में हुए भीषण सड़क हादसे में लक्सर के रायपुर गांव निवासी एक ही परिवार के छह लोगों की मौत की खबर पहुंचते ही पूरे गांव में मातम छा गया। जिस घर में कुछ समय पहले तक बच्चों की हंसी-खुशी और परिवार के साथ घूमने की तैयारियां थीं, वहां अब चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा है। हादसे की खबर सुनकर रिश्तेदार और ग्रामीण अफजाल के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।

बताया गया कि रायपुर निवासी अफजाल पेशे से ठेकेदार हैं और इन दिनों पौड़ी में भवन निर्माण का काम करा रहे थे। कांवड़ मेले के दौरान परिवार को घुमाने के लिए वह पत्नी और बच्चों को लेकर पौड़ी जा रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे परिवार घर से रवाना हुआ था। उनके साथ भाई गुफरान, पत्नी शब्बो, पुत्र अमन, अरमान, अरहम व पुत्री अनाविया भी थे।

गौरतलब है कि पौड़ी पहुंचने से पहले कुंडधार के पास उनकी बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार छह लोगों की मौत हो गई। हादसे में अरहम को छोड़कर परिवार के अन्य सदस्यों की जान चली गई। घायल अरहम का उपचार चल रहा है।

बुजुर्ग मां को नहीं दी गई पूरी जानकारी

हादसे में अपनों को खोने के बावजूद परिवार के लोगों के सामने एक और मुश्किल खड़ी है। अधिक उम्र होने के कारण अफजाल की मां नफीसा को अभी उनके परिजनों की मौत की पूरी जानकारी नहीं दी गई है। उन्हें केवल इतना बताया गया है कि अफजाल और परिवार के अन्य सदस्य दुर्घटना में घायल हुए हैं।

गांव में पसरा सन्नाटा, रिश्तेदार पौड़ी रवाना

हादसे की सूचना मिलते ही रायपुर गांव में कोहराम मच गया। गुफरान की पत्नी और बेटा ज्वालापुर स्थित मायके गए हुए थे। हादसे की खबर मिलते ही रिश्तेदार और करीबी लोग अफजाल के घर पहुंचने लगे। परिवार के कई लोग पौड़ी के लिए रवाना हो गए।

ग्रामीणों के मुताबिक, रायपुर में करीब 300 से 400 लोग रहते हैं और गांव में लोगों के बीच गहरा भाईचारा है। यही वजह है कि एक परिवार पर आई इस त्रासदी का दर्द पूरे गांव ने महसूस किया। गांव की गलियों में शुक्रवार तक जहां सामान्य चहल-पहल थी, वहीं शनिवार को हर तरफ सन्नाटा नजर आया।

रायपुर में हर कोई इस दर्दनाक हादसे को लेकर स्तब्ध है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी घटनाएं आमतौर पर लोग मोबाइल, टीवी या समाचारों में देखते-सुनते हैं, लेकिन जब त्रासदी अपने ही गांव और अपने लोगों के बीच दस्तक देती है तो उसका दर्द शब्दों में बयां करना मुश्किल हो जाता है। पौड़ी सड़क हादसे ने रायपुर गांव को ऐसा गहरा जख्म दिया है, जिसे लोग लंबे समय तक नहीं भूल पाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला