बनतोली के पास चट्टान टूटने से मोरखण्डा नदी में आया भारी मलबा, जलस्तर बढ़ा, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
रुद्रप्रयाग, 02 सितंबर (हि.स.)। जनपद में बारिश के बीच बुधवार शाम बनतोली के समीप चट्टान का एक हिस्सा टूटने के बाद मोरखण्डा नदी में मलबा और पत्थर आने के कारण जलस्तर बढ़ गया। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी किनारे रहने और आवागमन करने वाले लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है।
डीडीआरएफ टीम मद्महेश्वर ने शाम करीब 6:03 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग को घटना की सूचना दी। प्रशासन ने मोरखण्डा नदी के जलस्तर में वृद्धि के चलते मंदाकिनी नदी के जलस्तर पर भी संभावित प्रभाव को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी है।
सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने रिन्यू जल विद्युत परियोजना, कुंड के अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया। साथ ही नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग तथा नगर पंचायत तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि और ऊखीमठ के अधिशासी अधिकारियों को भी आवश्यक सूचना दी गई।
संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नदी किनारे और अन्य संवेदनशील स्थानों पर रहने तथा आवागमन करने वाले लोगों को लाउडस्पीकर के माध्यम से सतर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सूचना देने को कहा गया है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

