पवाणी अग्निकांड पर मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख, प्रभावितों को हरसंभव सहायता का भरोसा
- राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश
देहरादून, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के पवाणी गांव में मंगलवार शाम हुए भीषण अग्निकांड पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अग्निकांड में कई आवासीय भवनों के जलकर नष्ट होने पर प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है।
मुख्यमंत्री ने घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग की टीमों को आपसी समन्वय से कार्य करने और प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावितों के लिए भोजन, आवास, चिकित्सा सुविधा और आवश्यक राहत सामग्री की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अग्निकांड से हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अनुमन्य सहायता और राहत राशि उपलब्ध कराने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। सरकार की प्राथमिकता प्रभावितों को तत्काल राहत पहुंचाना और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने ईश्वर से सभी के सकुशल होने और प्रभावित परिवारों को इस कठिन परिस्थिति से उबरने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

