home page

अपराधियों पर शिकंजा, साइबर ठगी और छात्रसंघ चुनाव पर पुलिस की नजर

 | 
अपराधियों पर शिकंजा, साइबर ठगी और छात्रसंघ चुनाव पर पुलिस की नजर


पौड़ी गढ़वाल, 10 सितंबर (हि.स.)।अपराध नियंत्रण, साइबर ठगी पर अंकुश और छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर पुलिस ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। एसएसपी सर्वेश पंवार ने गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में अगस्त माह की मासिक अपराध गोष्ठी में सभी थाना प्रभारियों को प्रभावी पुलिसिंग और मुख्यालय के अभियानों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने टॉप-10 अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और असामाजिक तत्वों की लगातार निगरानी कर निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा। मादक पदार्थों और शराब की तस्करी पर शिकंजा कसने के साथ ही अंतरजनपदीय व अंतरराज्यीय नेटवर्क पर विशेष निगरानी और नशा तस्करों की संपत्तियों के चिन्हीकरण के निर्देश दिए।

साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए थाना स्तर पर जागरूकता अभियान तेज करने को कहा गया। डिजिटल अरेस्ट, निवेश धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया ठगी और साइबर ब्लैकमेलिंग से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

छात्रसंघ चुनाव-2026 को देखते हुए शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में सामने आया कि जनपद में अब तक प्राप्त 593 शिकायतों में से 530 का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 63 शिकायतें लंबित हैं। एसएसपी ने लंबित शिकायतों, विवेचनाओं और जनसुनवाई प्रकरणों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।

महिला सुरक्षा के लिए महिला हेल्प डेस्क, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और बाल सुरक्षा इकाइयों को विद्यालयों व महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम चलाने को कहा गया। किरायेदारों, घरेलू सहायकों, बाहरी श्रमिकों और होटल कर्मियों के सत्यापन अभियान में तेजी लाने के साथ यातायात नियमों के उल्लंघन, ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने, मॉडिफाइड साइलेंसर और खतरनाक ड्राइविंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

अगस्त में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 36 पुलिस कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। गोष्ठी में एएसपी कोटद्वार मनोज ठाकुर, एएसपी संचार अनूप काला, सीओ कोटद्वार अस्मिता ममगाईं, सीओ सदर पौड़ी तपेश कुमार, सीएफओ राजेंद्र खाती समेत सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह