home page

मानसून को लेकर प्रशासन अलर्ट: डीएम ने सभी विभागों को समयबद्ध तैयारी के दिए निर्देश

 | 
मानसून को लेकर प्रशासन अलर्ट: डीएम ने सभी विभागों को समयबद्ध तैयारी के दिए निर्देश


हरिद्वार, 29 जून (हि.स.)। आगामी मानसून को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक कर सभी अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की आपदा या जलभराव की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभाग पूर्ण सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करें।

जिलाधिकारी ने नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पंचायत, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई सहित सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में नालों, नालियों और कलमठों की समय रहते समुचित सफाई सुनिश्चित करें, ताकि जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। डीएम ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद के जर्जर विद्यालय भवनों का तत्काल चिन्हांकन कराया जाए और ऐसे भवनों में किसी भी स्थिति में पठन-पाठन संचालित न किया जाए।

संभावित आपदा की स्थिति को देखते हुए जिला पूर्ति अधिकारी को आवश्यक खाद्य सामग्री के पैकेट पहले से तैयार रखने तथा सिंचाई विभाग को बाढ़ संभावित क्षेत्रों में सभी सुरक्षात्मक एवं प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) अमित कुमार चंद, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, अधिशासी अभियंता सिंचाई ओमजी गुप्ता, लोनिवि अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, अधिशासी अभियंता जल संस्थान विपिन चौहान, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला