home page

बंदरों के आतंक से निजात को पौड़ी में प्रशिक्षण केंद्र की मांग

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 08 अक्टूबर (हि.स.)।मंडल मुख्यालय पौड़ी में बंदरों के बढ़ते आतंक से आमजन और किसानों को निजात दिलाने के लिए राज्य किसान आयोग के सदस्य ओम प्रकाश जुगरान ने पहल की है। उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी पौड़ी गढ़वाल को पत्र भेजकर बंदर पकड़ने के लिए अनुभवी व्यक्तियों को तैयार करने के उद्देश्य से पौड़ी में जल्द से जल्द प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की मांग की है।

प्रकाश जुगरान ने पत्र में कहा कि मंडल मुख्यालय पौड़ी समेत पहाड़ी क्षेत्रों में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। बंदरों के कारण किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। खेती से होने वाली मेहनत और लागत का लाभ नहीं मिलने के कारण कई किसानों ने खेती करना तक छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि समस्या अब खेतों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि बंदरों का आतंक घरों तक पहुंच गया है और लोगों की रसोई भी सुरक्षित नहीं रह गई है।

उन्होंने कहा कि बंदरों के झुंड के कारण स्कूली छात्र-छात्राओं, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर लोगों में बंदरों को लेकर भय का माहौल बना हुआ है। वहीं, जनपद में बंदरों को पकड़ने के लिए प्रशिक्षित और अनुभवी लोगों की भी कमी है।

जुगरान ने वन विभाग से मांग की कि पौड़ी में विशेष प्रशिक्षण केंद्र स्थापित कर स्थानीय युवाओं व अन्य इच्छुक लोगों को बंदर पकड़ने का वैज्ञानिक और सुरक्षित प्रशिक्षण दिया जाए। इससे एक ओर बंदरों के आतंक से प्रभावित लोगों को राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित लोगों की उपलब्धता भी सुनिश्चित हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि बंदरों की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए विभाग को गंभीरता से कदम उठाने की जरूरत है। जनहित और किसानों की समस्याओं को देखते हुए प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना में किसी तरह की देरी नहीं की जानी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह