home page

शनिवार को मोबाइल पर आएगा टेस्ट अलर्ट मैसेज,घबराएं नहीं

 | 
शनिवार को मोबाइल पर आएगा टेस्ट अलर्ट मैसेज,घबराएं नहीं


देहरादून, 01 मई (हि.स.)। उत्तराखंड में दो मई (शनिवार) को नागरिकों के मोबाइल फोन पर अचानक अलर्ट मैसेज और घंटी सुनाई दे सकती है। राज्य में सेल ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम के माध्यम से यह एक परीक्षण (टेस्ट) अलर्ट जारी किया जाएगा, जिसे लेकर प्रशासन ने लोगों से घबराने की आवश्यकता न होने की अपील की है।

उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार केन्द्र सरकार की ओर से स्वदेशी तकनीक के माध्यम से त्वरित आपदा चेतावनी सेवा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सेल ब्रॉडकास्ट प्रणाली की शुरुआत की जा रही है। इसके तहत नागरिकों के मोबाइल फोन पर एक परीक्षण (टेस्ट) संदेश प्रसारित किया जाएगा। इस परीक्षण का उद्देश्य आपातकालीन सूचना प्रसारण प्रणाली की कार्यक्षमता का मूल्यांकन करना है, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में चेतावनी संदेश समय पर और प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाए जा सकें।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि यह परीक्षण राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से किया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न मोबाइल नेटवर्क सेवा प्रदाताओं के माध्यम से अलर्ट भेजकर यह परखा जाएगा कि संदेश कितनी तेजी और सटीकता से लोगों तक पहुंचता है। इस प्रक्रिया के जरिए उन क्षेत्रों की पहचान भी की जाएगी, जहां सिस्टम को और मजबूत करने की आवश्यकता है।

प्राधिकरण का कहना है कि यह केवल एक परीक्षण संदेश होगा, जिस पर किसी प्रकार की कार्रवाई आवश्यक नहीं है। हालांकि, भविष्य में जारी किए जाने वाले वास्तविक आपदा अलर्ट को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना जरूरी होगा। इस पहल से आपदा के समय समयपूर्व चेतावनी देकर जन-धन के नुकसान को कम किया जा सकेगा और नागरिकों व प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय