सीईआईआर पोर्टल बना मददगार, हरिद्वार पुलिस ने खोजकर लौटाए मोबाइल
हरिद्वार, 07 जून (हि.स.)। जनसेवा और नागरिकों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध हरिद्वार पुलिस ने एक बार फिर सराहनीय कार्य करते हुए गुम हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को वापस लौटाकर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। पुलिस की इस कार्रवाई से उन लोगों को बड़ी राहत मिली, जिन्होंने अपने मोबाइल फोन मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी।
कोतवाली रानीपुर पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश अभियान चलाते हुए करीब 1 लाख 40 हजार रुपये मूल्य के 5 मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए। इन सभी मोबाइल फोन को उनके स्वामियों के सुपुर्द कर दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार सीईआईआर पोर्टल के जरिए आमजन के खोए हुए मोबाइल फोन खोजने का कार्य कर रही है। पुलिस की ओर से पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद किए गए मोबाइल फोन विभिन्न व्यक्तियों के थे, जो लंबे समय से गुम थे। कई फोन स्वामी तो अपने मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद भी छोड़ चुके थे। लेकिन सीईआईआर पोर्टल की सहायता से इन मोबाइलों का पता लगाकर उन्हें बरामद किया गया।
मोबाइल फोन वापस मिलने पर सभी स्वामियों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया और पुलिस की कार्यशैली की सराहना की। हरिद्वार पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तत्काल सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे फोन को ट्रेस कर बरामद करने में सहायता मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

