home page

चार दिन से लापता स्कूल ड्राइवर का गंगनहर में मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

 | 

हरिद्वार, 19 अप्रैल (हि.स.)। चार दिन से लापता एक स्कूल ड्राइवर का शव गंगनहर से बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ज्वालापुर के सीतापुर निवासी 44 वर्षीय रवि चौहान 15 अप्रैल को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थे। अगले ही दिन उनकी पत्नी दिव्या चौहान ने ज्वालापुर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी रही, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। रविवार को जटवाड़ा पुल रेगुलेटर के पास गंगनहर में एक शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकाला। शव की शिनाख्त रवि चौहान के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और छानबीन शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार शव का एक हाथ मुड़ा हुआ पाया गया, जिससे परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। वहीं, कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला