हरिद्वार में 15 दिन बाद मिला घर से निकला बालक, परिजनों को सौंपा
हरिद्वार, 01 अक्टूबर (हि.स.)। घर से नाराज होकर निकला मुरादाबाद निवासी एक बालक करीब 15 दिन बाद हरिद्वार में सकुशल मिल गया। हर की पौड़ी क्षेत्र के विभिन्न गंगा घाटों से रेस्क्यू किए गए बालक की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) ने काउंसलिंग कराई और आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार बालक करीब 15 दिन पहले घर से नाराज होकर निकला था। वह ट्रेन से हरिद्वार पहुंचा और बाद में हर की पौड़ी क्षेत्र के अलग-अलग घाटों पर मिला। बालक को रेस्क्यू कर एएचटीयू के सुपुर्द किया गया। पुलिस टीम ने उसके परिजनों की तलाश कर उनसे संपर्क किया।
बालक को बाल कल्याण समिति, हरिद्वार के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति के अध्यक्ष प्रिय बंधु के समन्वय से बालक की दादी और बहन से वीडियो कॉल के माध्यम से काउंसलिंग कराई गई। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालक को परिजनों के साथ भेज दिया गया।
बालक की दादी ने बताया कि उसके माता-पिता का निधन हो चुका है और वह कुछ समय से उनके साथ रह रहा था। दादी की तबीयत खराब रहती है और अधिक उम्र के कारण उन्हें चलने-फिरने में भी परेशानी होती है। करीब 15 दिन पहले उन्होंने दवाई लेने के लिए बालक को 300 रुपये दिए थे। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा।
काफी तलाश के बावजूद बालक का पता नहीं चल सका। करीब 15 दिन बाद हरिद्वार पुलिस ने फोन कर उसके सकुशल मिलने की सूचना दी। इसके बाद दादी अपनी बेटी के साथ तत्काल हरिद्वार पहुंचीं। पोते को सामने देखकर दादी भावुक हो गईं। उन्होंने पुलिस के सहयोग के लिए आभार जताया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

