home page

छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस-सपा का प्रदर्शन, मंत्री मदन कौशिक के आवास का किया घेराव

 | 
छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस-सपा का प्रदर्शन, मंत्री मदन कौशिक के आवास का किया घेराव


हरिद्वार, 22 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज, पुलिस कार्रवाई और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को जिला महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार एवं समाजवादी पार्टी ने संयुक्त रूप से चंद्राचार्य चौक से उत्तराखंड सरकार में मंत्री एवं भाजपा विधायक मदन कौशिक के आवास तक मार्च निकालकर धरना-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव डॉ. सत्यनारायण सचान ने केंद्र सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और गृहमंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के छात्रों से माफी मांगें तथा संसद में शिक्षा व्यवस्था और नीट पेपर लीक मामले पर चर्चा कराई जाए।

स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर और पूर्व राज्यमंत्री संजय पालीवाल ने कहा कि भाजपा सरकार दमनकारी रवैया अपना रही है, जिसके खिलाफ कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। पूर्व विधायक रामयश सिंह और पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष संतोष चौहान ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रदीप चौधरी, पूर्व अध्यक्ष ओपी चौहान और महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा व महेश प्रताप राणा ने सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सत्याग्रह और अहिंसा के माध्यम से इसका जवाब देगी।

प्रदर्शन में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव, तरुण व्यास, ब्लॉक अध्यक्ष अजय गिरी, यूथ कांग्रेस प्रदेश महासचिव उत्कर्ष वालिया, पार्षद महावीर वशिष्ठ, हिमांशु गुप्ता, सोहित सेठी, विवेक भूषण विक्की, सुनील कुमार सिंह, नौमान अंसारी, पुनीत कुमार, शहाबुद्दीन अंसारी, मयंक सिंह, इदरीस मंसूरी, इसरार अहमद, मकबूल कुरैशी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला