home page

हरिद्वार के 666 मेधावी विद्यार्थियों का छात्रवृत्ति योजना में चयन, पिछले साल से करीब तीन गुना बढ़ी संख्या

 | 

हरिद्वार, 03 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना 2026-27 के तहत हरिद्वार जिले के 666 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है। आयोजित छात्रवृत्ति परीक्षा में इस बार विद्यार्थियों की भागीदारी और चयन संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

योजना के अंतर्गत जनपद के 18 परीक्षा केंद्रों पर जूनियर स्तर (कक्षा 6) और माध्यमिक स्तर (कक्षा 9) की परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा का परिणाम 2 सितंबर 2026 को विद्यालयी शिक्षा उत्तराखंड की सचिव ज्योति यादव द्वारा घोषित किया गया।

मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद ने बताया कि जूनियर स्तर पर इस वर्ष 4,795 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 363 विद्यार्थियों का चयन हुआ। जबकि वर्ष 2025-26 में 1,288 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी और 88 विद्यार्थियों का चयन हुआ था।

इसी तरह माध्यमिक स्तर पर वर्ष 2026-27 में 3,845 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 303 विद्यार्थियों का चयन किया गया। पिछले वर्ष इस स्तर पर 1,686 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी और 122 विद्यार्थियों का चयन हुआ था। दोनों स्तरों को मिलाकर इस वर्ष हरिद्वार से कुल 666 विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लिए चयनित हुए हैं। पिछले वर्ष दोनों स्तरों पर कुल 210 विद्यार्थियों का चयन हुआ था।

इस लिहाज से इस बार चयनित विद्यार्थियों की संख्या तीन गुना से भी अधिक है। अधिकारियों के अनुसार विद्यार्थियों की बढ़ी हुई सहभागिता और चयन की संख्या जिले में शैक्षणिक स्तर पर सकारात्मक बदलाव को दर्शाती है।

विद्यार्थी एससीईआरटी उत्तराखंड छात्रवृत्ति पोर्टल पर अपना परीक्षा परिणाम और चयन की स्थिति देख सकते हैं। इसके लिए उन्हें पोर्टल पर अपना रोल नंबर और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। चयन सूची भी पोर्टल पर उपलब्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला