home page

जिला योजना के प्रस्ताव 17 अप्रैल तक उपलब्ध कराने के निर्देश

 | 
जिला योजना के प्रस्ताव 17 अप्रैल तक उपलब्ध कराने के निर्देश


पौड़ी गढ़वाल, 10 अप्रैल (हि.स.)। मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला योजना वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना तैयार करने को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों को 17 अप्रैल तक अपने प्रस्ताव जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि कुल बजट का 15 प्रतिशत हिस्सा स्वरोजगार से जुड़े विभागों के लिए निर्धारित किया जाएगा तथा क्लस्टर आधारित योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कार्यस्थलों का चयन पहले से सुनिश्चित करने और भूमि संबंधी विवादों से बचने पर भी जोर दिया, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में कोई बाधा न आए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी सौंदर्यीकरण और साज-सज्जा से जुड़े कार्यों को जिला योजना में शामिल नहीं किया जाएगा। साथ ही सभी विभागों को नवाचार आधारित 3 से 4 मॉडल योजनाएं प्रस्तावित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026-27 के लिए जिला योजना का कुल परिव्यय 11,997.70 लाख रुपये निर्धारित किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में थोड़ा कम है। इसके अलावा, विभागों को गत वर्ष की योजनाओं के उपयोगिता प्रमाण पत्र शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिवमोहन शुक्ला, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह