home page

एमडीडीए की आवासीय योजनाओं पर लोगों का बढ़ा भरोसा, सभी एचआईजी फ्लैट बुक

 | 
एमडीडीए की आवासीय योजनाओं पर लोगों का बढ़ा भरोसा, सभी एचआईजी फ्लैट बुक


देहरादून, 21 मार्च (हि.स.)। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की आवासीय योजनाओं को आमजन से व्यापक प्रतिसाद मिला है। प्राधिकरण द्वारा संचालित आईएसबीटी हाउसिंग योजना तथा आमवाला तरला आवासीय योजना के सभी उच्च आय वर्ग (एचआईजी) फ्लैट “पहले आओ-पहले पाओ” आधार पर पूर्ण रूप से बुक हो चुके हैं।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के नेतृत्व में संचालित इन योजनाओं को जून 2024 में पुनः लॉन्च किए जाने के बाद से ही लगातार मांग मिल रही थी, जो अब पूर्ण बुकिंग के रूप में सामने आई है।

प्राधिकरण के अनुसार, योजनाओं की सफलता के पीछे निर्माण की गुणवत्ता और पारदर्शी प्रक्रिया प्रमुख कारण रहे हैं। बुकिंग प्रक्रिया को सरल और निष्पक्ष रखा गया, जिससे सभी वर्गों को समान अवसर मिल सका और आमजन का विश्वास मजबूत हुआ।

देहरादून में निजी बिल्डरों की परियोजनाओं के बीच एमडीडीए की योजनाएं किफायती दर, समयबद्ध निर्माण और बेहतर सुविधाओं के कारण प्रतिस्पर्धा में आगे निकलती दिखाई दे रही हैं। प्राधिकरण के फ्लैटों में बुनियादी सुविधाओं के साथ बेहतर लोकेशन और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया गया है।

आमवाला तरला आवासीय योजना बेहतर कनेक्टिविटी, पार्किंग, जलापूर्ति, हरित क्षेत्र और सुरक्षा सुविधाओं के कारण लोगों की पसंद के रूप में उभरी है, जबकि परिवहन हब के समीप स्थित आईएसबीटी योजना ने भी अपनी उपयोगिता के कारण मजबूत साख बनाई है।

तेजी से बढ़ती आबादी के बीच एमडीडीए की योजनाएं संगठित शहरी विकास के उदाहरण के रूप में सामने आ रही हैं। प्राधिकरण भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नई योजनाओं और लैंड बैंक पर भी कार्य कर रहा है।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि योजनाओं की सफलता यह दर्शाती है कि गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ सरकारी परियोजनाएं निजी क्षेत्र से बेहतर विकल्प बन सकती हैं। उन्होंने बताया कि “पहले आओ-पहले पाओ” मॉडल ने बुकिंग प्रक्रिया को सरल और विश्वसनीय बनाया है।

एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण की योजनाओं को मिल रहा प्रतिसाद गुणवत्तापूर्ण और भरोसेमंद आवास की बढ़ती मांग को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी आमजन की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए सुनियोजित शहरी विकास पर बल दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय