महापौर का औचक निरीक्षण, सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर सख्त निर्देश
देहरादून, 07 अप्रैल (हि.स.)। महापौर सौरभ थपलियाल ने मंगलवार को वार्ड 56 का औचक निरीक्षण कर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता की स्थिति का अवलोकन किया गया और मौके पर मौजूद सफाई कर्मियों से संवाद कर कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की गई।
महापौर ने सैनिटरी इंस्पेक्टर एवं सुपरवाइजर को निर्देश दिए कि क्षेत्र में नियमित एवं प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करें।
निरीक्षण के दौरान नालियों की सफाई, कूड़ा उठान की नियमितता और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों को सफाई व्यवस्था की निरंतर निगरानी रखने और आम जनता को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने को कहा गया।
महापौर ने कहा कि देहरादून को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के लक्ष्य के तहत निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

