home page

सोमवती अमावस्या स्नान से पहले हरिद्वार में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

 | 
सोमवती अमावस्या स्नान से पहले हरिद्वार में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब


हरिद्वार, 14 जून (हि.स.)। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व से पूर्व धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व भीड़ उमड़ने से शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। रविवार को सुबह से ही राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रमुख संपर्क मार्गों और शहर की आंतरिक सड़कों पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता गया, जिसके चलते कई स्थानों पर लंबा जाम लग गया।

श्रद्धालुओं को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए घंटों तक ट्रैफिक में फंसे रहना पड़ा। प्रशासन और पुलिस द्वारा विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किए जाने के बावजूद बढ़ती भीड़ के सामने व्यवस्थाएं कई जगहों पर दबाव में नजर आईं।

सोमवती अमावस्या का धार्मिक महत्व होने के कारण देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंच रहे हैं। स्नान पर्व से एक दिन पहले ही शहर में श्रद्धालुओं का रेला शुरू हो गया था, जिससे रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास भारी भीड़ देखने को मिली। प्रशासन के अनुमान से कहीं अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से यातायात संचालन एक बड़ी चुनौती बन गया।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने ऋषिकुल तिराहे से हरकी पैड़ी तक के क्षेत्र को जीरो जोन घोषित किया था। इस क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई गई और श्रद्धालुओं को पैदल या निर्धारित वैकल्पिक साधनों से आगे जाने की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही वीकेंड और सोमवती अमावस्या स्नान से पूर्व 13 जून से ही यातायात प्लान लागू कर दिया गया था। हालांकि, श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या के कारण आसपास के मार्गों पर दबाव बढ़ गया और कई सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

शहर के शंकर आश्रम से ऋषिकुल तिराहे तक वाहनों का लंबा जाम देखने को मिला। कनखल क्षेत्र में भी जाम से बूरा हाल देखने को मिला। कई स्थानों पर वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते नजर आए। हाईवे पर भी वाहनों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक रही, जिसके चलते यातायात की रफ्तार बेहद धीमी हो गई। कुछ किलोमीटर की दूरी तय करने में एक से दो घंटे तक का समय लग गया।

भीषण गर्मी और उमस के बीच पुलिसकर्मी, होमगार्ड तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे जवान लगातार ड्यूटी पर तैनात रहे। ट्रैफिक पुलिस के जवान चौराहों और प्रमुख मार्गों पर यातायात को नियंत्रित करते हुए दिखाई दिए। कई स्थानों पर पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को वैकल्पिक मार्गों की जानकारी देते रहे और लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते रहे। गर्म मौसम के बावजूद पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्था संभालते नजर आए।

प्रशासन ने स्नान पर्व को देखते हुए सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए हैं। विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम के माध्यम से भीड़ और यातायात की निगरानी की जा रही है। साथ ही आपातकालीन सेवाओं को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि सोमवती अमावस्या के मुख्य स्नान दिवस पर श्रद्धालुओं की संख्या और अधिक बढ़ने की संभावना है। इसी को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं और लोगों से प्रशासन द्वारा जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने तथा अनावश्यक रूप से निजी वाहनों का प्रयोग न करने का अनुरोध किया है।

धार्मिक आस्था के इस महत्वपूर्ण अवसर पर हरिद्वार में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है, लेकिन भारी भीड़ के कारण उत्पन्न यातायात दबाव प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। आने वाले घंटों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ व्यवस्थाओं को संभालने में जुटे हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला