भीमताल में शोषण के विरोध में बाजार बंद, आक्रोश रैली
नैनीताल, 20 अप्रैल (हि.स.)। नैनीताल जनपद के भीमताल क्षेत्र में युवतियों से कथित धोखाधड़ी एवं शोषण के आरोपों के विरोध में सोमवार को स्थानीय लोगों एवं विभिन्न हिंदूवादी संगठनों ने बाजार बंद कर आक्रोश रैली निकाली। रैली को स्थानीय व्यवसायियों ने भी समर्थन दिया और अपने प्रतिष्ठान बंद रखे।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन को बुधवार दोपहर तक का समय देते हुए चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि में गिरफ्तारी नहीं होने पर कोतवाली में प्रदर्शन कर आंदोलन को और अधिक तेज किया जाएगा। पुलिस ने आश्वासन दिया कि आरोपित की तलाश के लिए चार टीमें गठित कर विभिन्न स्थानों पर भेजी गई हैं और शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी। रैली रामलीला मैदान से कोतवाली तक पहुंची, जहां सभा कर फरार आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई।
उल्लेखनीय है कि प्रकरण में संप्रदाय विशेष के एक युवक पर अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर युवतियों से संपर्क कर आर्थिक, मानसिक एवं शारीरिक शोषण करने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसके ठिकाने पर तलाशी लेकर संबंधित सामग्री बरामद कर उसके कक्ष को सील कर दिया है और आरोपित की तलाश जारी है।
रैली में मनोज भट्ट, पंकज जोशी, कमल देउपा, गौतम मटियाली, शुभम नैनवाल, प्रेम कुल्याल, पारस चंद्रा, प्रकाश आर्या, शरद पांडे, रमन बिष्ट, धन सिंह राणा, मीनाक्षी जोशी, सुनीता पांडे, निधि साह, नीमा नेगी, मदन गिरी, देवेंद्र फर्त्याल, जितेंद्र चनौतिया सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

