home page

मनसा देवी सीढ़ी मार्ग खोलने की मांग तेज

 | 
मनसा देवी सीढ़ी मार्ग खोलने की मांग तेज


हरिद्वार, 09 अप्रैल (हि.स.)। लघु व्यापार एसोसिएशन ने मनसा देवी मंदिर के सीढ़ी मार्ग को जल्द खोलने और मार्ग पर लघु व्यापारियों को पुनः दुकानें लगाने की अनुमति देने की मांग उठाई है। गंगा वाटिका में आयोजित बैठक में एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने इस मुद्दे को प्रमुखता से रखा।

उन्होंने कहा कि बीते वर्ष हुई दुर्घटना के बाद सीढ़ी मार्ग को बंद कर दिया गया था और वहां संचालित छोटे व्यापारियों की दुकानों को भी हटा दिया गया। दुर्घटना को करीब 10 महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है, जो गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

संजय चोपड़ा ने कहा कि आगामी चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं और मनसा देवी मंदिर व चंडी देवी मंदिर में दर्शन करते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीढ़ी मार्ग को शीघ्र खोला जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि उत्तराखंड के अन्य पर्वतीय मंदिरों की तर्ज पर वन विभाग द्वारा ईको विकास समिति का गठन कर लघु व्यापारियों को पुनः व्यवस्थित तरीके से दुकानें संचालित करने की अनुमति दी जाए। इस संबंध में मुख्यमंत्री और वन मंत्री को ईमेल के माध्यम से ज्ञापन भी भेजा गया है।

जिलाध्यक्ष राजकुमार की अध्यक्षता और संचालन में आयोजित इस बैठक में कमल प्रताप चौहान, दयानंद, शशिकांत गोस्वामी, नीरज कुमार, लालचंद, विजय गोपाल, मोहनलाल, श्याम कुमार, वीरेंद्र, विनोद, मनीराम, चंदन रावत, जयसिंह बिष्ट, श्यामसुंदर राजपूत, राजेश कुमार, फूल सिंह सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला