home page

मालसी रेंज में अवैध वन्यजीव व्यापार में चार गिरफ्तार

 | 
मालसी रेंज में अवैध वन्यजीव व्यापार में चार गिरफ्तार


देहरादून, 25 अप्रैल (हि.स.)। देहरादून वन प्रभाग के अंतर्गत मालसी रेंज के कांवल क्षेत्र में शनिवार काे अवैध रूप से संरक्षित वन्यजीवों के रख-रखाव और व्यापार की सूचना मिलने पर वन विभाग ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान दो पुरुषों और दो महिलाओं को संरक्षित पक्षियों के अवैध कब्जे एवं व्यापार में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया।

मुखबिर से प्राप्त जानकारी के आधार पर विभागीय टीम ने क्षेत्र के विभिन्न आवासीय परिसरों और पेट शॉप्स में सघन तलाशी अभियान संचालित किया। तलाशी के दौरान शेड्यूल-II के अंतर्गत संरक्षित कई प्रजातियों के तोते बरामद किए गए। इनमें प्रमुख रूप से रोज-रिंग्ड पैराकीट, एलेक्जेंड्राइन पैराकीट और प्लम-हेडेड पैराकीट शामिल हैं। इस संबंध में पीपुल फॉर एनिमल्स संस्था द्वारा भी जानकारी उपलब्ध कराई गई थी।

कार्रवाई के दौरान दो पुरुष और दो महिलाओं को अवैध रूप से संरक्षित पक्षियों के कब्जे और व्यापार में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को विधिक कार्रवाई के लिए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजीएम) न्यायालय, देहरादून में प्रस्तुत किया जा रहा है।

प्रभागीय वनाधिकारी नीरज शर्मा ने बताया कि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत सूचीबद्ध (शेड्यूल-II) प्रजातियों का शिकार करना, पकड़ना, रखना, खरीद-फरोख्त या परिवहन करना पूर्णतः प्रतिबंधित है और यह गंभीर दंडनीय अपराध है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार व्यक्तियों के खिलाफ अधिनियम की सुसंगत धाराओं में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी वन्यजीव या पक्षी को पालतू के रूप में न रखें और यदि कहीं ऐसी अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल विभाग को सूचित करें। विभाग द्वारा वन्यजीव अपराधों के खिलाफ सख्त निगरानी और निरंतर अभियान जारी रखा जा रहा है।

अभियान में उप प्रभागीय वनाधिकारी देहरादून अभिषेक मैठाणी, वन क्षेत्राधिकारी मालसी शुचि चौहान, प्रभारी वन क्षेत्राधिकारी सतविंदर पाल सिंह सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय