home page

मर्यादाओं का पालन करना संतों के लिए सर्वोपरि: सुमितानंद

 | 
मर्यादाओं का पालन करना संतों के लिए सर्वोपरि: सुमितानंद


हरिद्वार, 12 नवंबर (हि.स.)। श्री महामंडलेश्वर इंद्रदेव महाराज के यौन शोषण के आरोपों में घिरने के बाद संत समाज में बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच अग्नि अखाड़े के सचिव स्वामी सुमितानंद महाराज ने ऐसा बयान दिया है, जिससे संत समाज में नई बहस छिड़ गई है। उन्होंने साधु बनने से पहले नसबंदी अनिवार्य करने की मांग उठाई है।

स्वामी सुमितानंद का कहना है कि बीते कुछ समय से संतों और कथावाचकों पर यौन शोषण जैसे गंभीर आरोप लग रहे हैं।

इससे न केवल संबंधित संत की छवि खराब होती है, बल्कि पूरे संत समाज और सनातन परंपरा की प्रतिष्ठा पर भी सवाल खड़े होते हैं। इस तरह के मामलों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है।

उन्होंने सुझाव दिया कि जो भी व्यक्ति साधु-संत बनना चाहता है, उसे संन्यास लेने से पहले नसबंदी करानी अनिवार्य होनी चाहिए। साथ ही साधु बनने की प्रक्रिया में नसबंदी का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने की व्यवस्था भी लागू होनी चाहिए। उनके अनुसार इससे संतों पर लगने वाले आरोपों पर अंकुश लग सकेगा।

स्वामी सुमितानंद ने संन्यास की पुरानी परंपरा का हवाला देते हुए कहा कि पहले संन्यास के दौरान नस दबाने की परंपरा थी, जो अब लगभग खत्म हो चुकी है। उसी परंपरा के स्थान पर अब नसबंदी को अनिवार्य करने पर विचार होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि संत का जीवन त्याग, तपस्या, संयम और ब्रह्मचर्य पर आधारित होता है।

संत बनने वाले के लिए इन मर्यादाओं का पालन सर्वोपरि होना चाहिए। बार-बार यौन शोषण के आरोपों से समाज में गलत संदेश जाता है, इसलिए संत समाज को आत्ममंथन कर ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए, जिससे भविष्य में इस तरह के विवादों से बचा जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला