home page

रक्षाबंधन पर निशुल्क बस यात्रा संवेदनशीलता का प्रतीक : रुचि भट्ट

 | 
रक्षाबंधन पर निशुल्क बस यात्रा संवेदनशीलता का प्रतीक : रुचि भट्ट


देहरादून, 21 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से रक्षाबंधन के अवसर पर 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड में महिलाओं के लिए बस यात्रा निशुल्क किए जाने के निर्णय का स्वागत किया और इसे प्रदेश की बहनों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और आत्मीयता का प्रतीक बताया।

रुचि भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी प्रदेश की महिलाओं को केवल योजनाओं के लाभार्थी के रूप में नहीं, बल्कि परिवार की बहनों की तरह देखते हैं। महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, नंदा गौरा योजना, लखपति दीदी अभियान, स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार, सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और महिला सुरक्षा से जुड़े कदम इसी सोच को दर्शाते हैं।

उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर दो दिनों की निशुल्क बस यात्रा महिलाओं को आर्थिक राहत देने के साथ उनके प्रति सम्मान और अपनत्व का भाव भी व्यक्त करती है। यह निर्णय प्रदेश की बहनों के प्रति मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी और स्नेह का संदेश है।

प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा महिला मोर्चा की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महिला सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए सरकार की प्रतिबद्धता उत्तराखंड की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय