home page

नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर 120 किलो पीतल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

 | 
नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर 120 किलो पीतल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार


हरिद्वार, 24 सितंबर (हि.स.)। लक्सर पुलिस ने नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बुजुर्ग और उसके साथी को बेहोश करने के बाद करीब 120 किलो पीतल और मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 25 किलो पीतल, 1,500 रुपये नकद और चोरी के माल की बिक्री से खरीदी गई बाइक बरामद की है।

पुलिस के अनुसार धमरौला निवासी अशोक कुमार ने 25 अगस्त को तहरीर देकर बताया था कि चरखी गोदाम में अज्ञात लोगों ने उन्हें और उनके साथी को नशीला पदार्थ मिली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बेहोश कर दिया और करीब 120 किलो पीतल तथा मोटरसाइकिल चोरी कर ली। मामले के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस को निर्देश दिए थे।

जांच और पूछताछ में सामने आया कि घटना के दिन चार लोग गोदाम पहुंचे थे। इनमें से दो बाहर रेकी कर रहे थे, जबकि एक आरोपी गोदाम के अंदर गया।

आरोपियों ने पहले मिस्त्री और बाद में अशोक को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाई। दोनों के बेहोश होने के बाद आरोपियों ने आलमारी की चाबी निकालकर तीन कट्टों में पीतल के टुकड़े और पाइप भरे और अशोक की मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने चोरी के कुछ पीतल को 25 हजार रुपये में बेच दिया और 22 हजार रुपये में नई बाइक खरीदी। शेष चोरी का माल सीमेंट फैक्ट्री के पास गन्ने के खेत में छिपाकर रखा गया था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनीत (19) निवासी बागपत, टिंकू उर्फ कृष्ण (28) निवासी मुजफ्फरनगर और रविन्द्र (26) निवासी पानीपत के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और घटना में शामिल चौथे आरोपी की तलाश की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला