home page

एलपीजी की कमी और कीमतों की वृद्धि के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, फूंका पुतला

 | 
एलपीजी की कमी और कीमतों की वृद्धि के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, फूंका पुतला


देहरादून, 16 मार्च (हि. स.)। कांग्रेस महानगर कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस (एलपीजी) की कमी और कीमतों में वृद्धि को लेकर सोमवार को प्रेमनगर क्षेत्र में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार का पुतला फूंका। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस की बढ़ी कीमतों को वापस लेने और

गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

देहरादून महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी प्रेमनगर के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने प्रेमनगर चौक पर एकत्र होकर घरेलू गैस की कमी और कीमतों में वृद्धि को लेकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में जमकर नारेबाजी की और केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। इस मौके पर डॉ. गोगी ने कहा कि देश के कई हिस्सों में रसोई गैस की कमी से आम लोग परेशान हैं। गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, वहीं गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम परिवारों के बजट पर असर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम जनता को रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के लिए भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतरकर जनता की आवाज उठा रही है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से गैस आपूर्ति को तत्काल सुचारु करने, बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने और आम उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर पार्टी व्यापक आंदोलन करेगी।

प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी प्रेमनगर के अध्यक्ष जितेंद्र तनेजा, प्रेमनगर अध्यक्ष मोहित ग्रोवर, प्रदेश महामंत्री युवा कांग्रेस सुमित खन्ना सहित राजीव पुंज, तरुण चक्रवर्ती, गीता बिष्ट, अभिषेक तिवारी, सरोज भाटिया, सायरा, नसरीन, प्रदीप कुमार सीटू और रमेश नौटियाल सहित अनेक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय