home page

40 रुपये का पेट्रोल भरवाया, 9,500 लूटे, पुलिस ने दबोचे

 | 
40 रुपये का पेट्रोल भरवाया, 9,500 लूटे, पुलिस ने दबोचे


हरिद्वार, 27 सितंबर (हि.स.)। जनपद के भगवानपुर कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम पंप पर 40 का पेट्रोल भरवाकर कर्मचारी से 9 हजार 5 सौ की लूट करने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपित वारदात के बाद फरार थे और पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाना बदल रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट की रकम में बचे 3,000 रुपये, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और 315 बोर का देशी तमंचा बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर की रात दो युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे और 40 का पेट्रोल भरवाकर कर्मचारी को 200 का नोट दिया। कर्मचारी ने 160 वापस किए। इसी दौरान दोनों ने कर्मचारी के हाथ में रखे 9,500 रुपये झपट लिए। कर्मचारी ने पीछा करने की कोशिश की तो आरोपितों ने तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी और फरार हो गए।

घटना के बाद कोतवाली भगवानपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों व वाहनों की चेकिंग तेज कर दी।

26 सितंबर की देर रात पुलिस ने सिकंदरपुर-सिरचंदी मार्ग पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने पेट्रोल पंप लूट की घटना कबूल कर ली। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर लूट की रकम में से बचे 3,000, वारदात में इस्तेमाल बाइक और 315 बोर का तमंचा बरामद किया। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

गिरफ्तार आरोपितों में वंश उर्फ कृष (19) पुत्र अशोक उर्फ नारायण, निवासी बहेड़ी गुर्जर, थाना गागलहेड़ी, सहारनपुर व अमित उर्फ प्रिन्स (20) पुत्र नाथीराम, निवासी साधारणसिर, थाना नागल, सहारनपुर बताए गए हैं। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए उनका चालान कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला